औरैया में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, दो दिन से चल रहा था विवाद, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा,

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रूरुखुर्द गांव के मजरा भूठा में बुधवार रात एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की छत के जाल से लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान पूनम देवी (27) पत्नी रवि सविता उर्फ योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पूनम और उसके पति के बीच पिछले दो दिनों से किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्यों ने रोजाना की तरह खाना खाया और सोने चले गए। देर रात जब पति की आंख खुली तो पूनम कमरे में मौजूद नहीं थी। खोजबीन करने पर घर के अंदर छत के लोहे के जाल से साड़ी के फंदे के सहारे पूनम का शव लटकता हुआ मिला। परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
गुरुवार सुबह मृतका के चाचा सुशील कुमार ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। जांच को पुख्ता करने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी सबूत एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूनम की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे (चार वर्षीय बेटा प्रिंस और एक वर्षीय बेटी निधि) हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default