औरैया । उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है। एक बीएसएफ (BSF) जवान पर अपनी पत्नी की हत्या कर शव को नहर में फेंकने का आरोप लगा है। करीब 20 दिन पहले लापता हुई महिला का शव फफूंद थाना क्षेत्र के अमेला रजवाहा (बंबा) से बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान मैनपुरी निवासी सोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोनी का पति बीएसएफ में कार्यरत है और वर्तमान में बंगाल में तैनात है। वह जुलाई के पहले सप्ताह में छुट्टी पर घर आया था। परिजनों का आरोप है कि वह अपनी पत्नी को कार से बाजार ले जाने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन वापस अकेला लौटा। महिला के लापता होने पर परिजनों ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों और कॉल रिकॉर्ड्स की गहनता से जांच की। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने आपसी विवाद के कारण इस घटना को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को नहर में बहा दिया था।
शव की पहचान और कानूनी कार्रवाई
बीते शनिवार को फफूंद थाना क्षेत्र के अमेला गांव के पास बंबा में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। सूचना मिलने पर मैनपुरी से पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पहचान की शत-प्रतिशत पुष्टि के लिए डीएनए (DNA) नमूने भी लिए जा रहे हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।




