कानपुर देहात: रूरा थाने में तैनात बताए जा रहे सिपाही का बीयर पीते वीडियो वायरल, जांच की उठी मांग

सचिन अग्निहोत्री
0

कानपुर देहात - रूरा थाने में तैनात बताए जा रहे एक सिपाही का कथित रूप से बीयर पीते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सिपाही सिविल ड्रेस में हाईवे किनारे बैठकर बीयर पीते दिखाई दे रहे हैं। साथ ही उनकी कुछ युवकों से कहासुनी होती नजर आती है, जिसमें कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग भी सुनाई देता है।
वायरल वीडियो के अंश

बताया जा रहा है कि यह वीडियो अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बारा टोल प्लाजा के पास का है। आरोप है कि संबंधित सिपाही बिना नंबर प्लेट की 'पुलिस' लिखी बुलेट मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से उनकी बहस हो गई, जिसके बाद एक छात्र ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

वायरल वीडियो में छात्र स्वयं को पढ़ाई करने वाला युवक बताते हुए मामले की शिकायत सांसद और मंत्री से करने की बात कहता है। इस पर सिपाही कथित रूप से कहते सुनाई देते हैं, "तुम हो कौन... बारा टोल के किंग हो क्या... या गुंडे-मवाली हो?" जब युवक उनका नाम पूछता है तो जवाब मिलता है, "अभी तुम मुझे जानते नहीं छोटू।" वीडियो में सिपाही कथित तौर पर बीयर की बोतल दिखाते हुए यह कहते भी दिखाई देते हैं कि, "ये देख लो, मैं बीयर पी रहा हूं... जो करना हो कर लो।"

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग के अनुशासन और कार्यशैली को लेकर लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और समाचार लिखे जाने तक पुलिस विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या पुष्टि जारी नहीं की गई थी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default