औरैया में दर्दनाक हादसा : नाले में गिरने से डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत , परिजनों में कोहराम

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। शहर के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा में मंगलवार शाम एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ नाले में गिरने से एक डेढ़ वर्षीय बच्ची की अकाल मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में मातम पसरा हुआ है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे डेढ़ वर्षीय बच्ची दृष्टि अपनी मां के साथ कॉस्मेटिक दुकान पर गई थी। दुकान पर मां के काम में व्यस्त होने के दौरान बच्ची खेलते-खेलते दुकान के बाहर खुले नाले तक पहुंच गई। आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर नहीं पड़ सकी और वह अनजाने में गहरे नाले में गिर गई। काफी देर तक जब बच्ची आसपास दिखाई नहीं दी तो परिजनों और पड़ोसियों को चिंता हुई। इसके बाद लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद बच्ची नाले में मिली । परिजन उसे तुरंत आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा बच्ची को मृत घोषित करते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बताया गया है कि गमगीन परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही बच्ची के शव को अस्पताल से सीधे घर ले आए।
शहर में नाले में गिरने से मौत का दूसरा मामला
मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि औरैया शहर में खुले नालों के कारण मौत का यह दूसरा बड़ा मामला है। इससे पहले बीते 17 जुलाई को भी मोहल्ला नारायणपुर में एक ऐसी ही लापरवाही के कारण तीन वर्षीय रोशन की नाले में गिरने से जान चली गई थी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default