औरैया । फफूंद नगर में स्थित एक्सिस पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस के सुअवसर पर एक भव्य तिरंगा क्राफ्ट मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ बढ़-चढ़कर भाग लिया जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो उठा ।
बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार की आकर्षक आकृतियों में तिरंगे को सजाया। विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरमीत सिंह सोढ़ी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों में अपनी संस्कृति व कला के प्रति जागरूकता आती है और साथ ही उनमें राष्ट्रप्रेम व देशभक्ति की भावना भी सुदृढ़ होती है।प्रतियोगिता का निरीक्षण करने पहुंचे विद्यालय के निदेशक दीपक दीक्षित ने बच्चों को संबोधित करते हुए देशभक्ति की अनूठी परिभाषा दी। उन्होंने कहा देशभक्ति को व्यक्त करने के लिए कोई एक दिन निश्चित नहीं होता। हमारे हृदय में देश की धरोहर और संस्कृति के प्रति हमेशा सम्मान होना चाहिए। साथ ही भारत को एक अखंड राष्ट्र बनाने के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाले क्रांतिकारियों के प्रति हमारे मन में प्रति क्षण सम्मान की भावना बनी रहे यही सच्ची देशभक्ति है। कड़ी प्रतियोगिता के बाद निर्णायकों ने विजेताओं के नामों की घोषणा की। प्रतियोगिता में शानदार कला का प्रदर्शन कर पायल, मुस्कान और आराध्या ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आर्तिका और सार्वी ने द्वितीय स्थान तथा इरम और प्रशांत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस गौरवमयी और सफल आयोजन के अवसर पर एक्टिविटी इंचार्ज हर्षा , निशू समेत प्राइमरी विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मुख्य रूप से उपस्थित रहे और बच्चों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की।

