अजीतमल समाधान दिवस: एडीएम व एएसपी ने सुनीं 109 शिकायतें, 6 का मौके पर निस्तारण

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता , अजीतमल (औरैया)। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अविनाश चंद्र मौर्य और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील सभागार में आयोजित इस दिवस में कुल 109 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। अधिकारियों ने दोटूक निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खेल मैदान में गड़बड़ी और बिजली कनेक्शन न मिलने की शिकायत
समाधान दिवस में लक्ष्मणपुर सत्हड़ी निवासी रमेश चंद्र ने गांव के खेल मैदान निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, आजाद नगर के अहिबरन सिंह ने बताया कि घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद भी उन्हें अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया है।
जानलेवा हमले और प्रताड़ना पर कार्रवाई की मांग
ग्राम मौहारी निवासी मनोज कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पुत्र पर जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न छोड़ दिया गया था, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। अतु निवासी सोनी कुमारी ने भी कुछ दबंगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई।
आवारा गौवंशों को लेकर सौंपा ज्ञापन
हिन्दू सुरक्षा सेवा संघ की औरैया इकाई ने नगर पंचायत बाबरपुर-अजीतमल क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गौवंशों की समस्या को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने मांग की कि आवारा पशुओं को सुरक्षित गौशालाओं में भेजा जाए और उनके चारे, पानी व इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल राजपूत, तहसीलदार अविनाश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक और तहसील स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
अजीतमल संवाददाता योगेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट -
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default