फफूंद संवाददाता (औरैया)। फफूंद नगर के मोहल्ला तरीन से मामला सामने आया है जहां शुक्रवार को जुमे की नमाज अदा करने गए दो पड़ोसी बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं मिला तो शनिवार को पीड़ित परिजनों ने फफूंद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला तरीन निवासी ताहिर उर्फ चांद बाबू का 12 वर्षीय पुत्र रेहान अपने पड़ोसी इरशाद खान मास्टर के 14 वर्षीय पुत्र अरमान के साथ शुक्रवार दोपहर को घर से जुमे की नमाज पढ़ने के लिए निकला था। देर शाम तक जब दोनों किशोर वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने आस-पास के इलाकों, रिश्तेदारों और सभी संभावित ठिकानों पर बच्चों की तलाश की लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चला।
शनिवार को दोनों परिवारों के सदस्यों ने फफूंद थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और पुलिस की कई टीमें सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं। नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बच्चों की अंतिम लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने जल्द से जल्द बच्चों को सकुशल बरामद करने का भरोसा दिलाया है। वहीं बच्चों के लापता होने के बाद से दोनों परिवारों के लोग परेशान हैं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे बच्चों की सकुशल वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
मदद की अपील:
पुलिस प्रशासन और पीड़ित परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर सूचित करें:
पुलिस प्रशासन और पीड़ित परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर सूचित करें:
- थानाध्यक्ष फफूंद / पुलिस संपर्क: 94454402889
- परिजनों के मोबाइल नंबर: 7060438192 , 8865858314


