औरैया (ब्यूरो)। शासन के मंशानुसार जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शनिवार को सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला अधिकारी (डीएम) बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक भारती की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी।
सदर तहसील में आयोजित इस समाधान दिवस में कुल 181 शिकायतें दर्ज की गईं। डीएम और एसपी ने एक-एक कर जनता की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके पर ही गंभीरता दिखाते हुए 20 शिकायतों का विभागीय समन्वय से तत्काल निस्तारण कर पीड़ितों को राहत दी गई।
जिला अधिकारी बृजेश कुमार ने शेष बची 161 शिकायतों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने वहां मौजूद सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष प्रार्थना पत्रों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, राजस्व कर्मी और पुलिस बल के अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।



