एसटीएफ की बड़ी कामयाबी: 4 साल से फरार 50 हजार का इनामी गोवंश तस्कर जबलपुर से गिरफ्तार , औरैया के ऐरवा कटरा थाने में 23 गोवंश से भरे कंटेनर पलटने का मामला

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

विशेष संवाददाता, औरैया । उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जनपद ओरैया के थाना ऐरवाकटरा में लिखे मुकदमे में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी गोवंश तस्कर फरमूद अहमद को मध्य प्रदेश के जबलपुर से धर दबोचा है। आरोपी शातिर तरीके से अपनी पहचान और ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। यूपी एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड यूनिट ने सटीक खुफिया सूचना के आधार पर जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार किया।

मुखबिर की सूचना पर जबलपुर में घेराबंदी
एसटीएफ को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि इनामी अपराधी फरमूद अहमद मध्य प्रदेश में छिपा हुआ है। इसके बाद एसटीएफ की टीम को सक्रिय किया गया। 31 जुलाई को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में अशोक लेलैंड सेंटर गेट के पास मौजूद है और वहां से भी भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशन में एसटीएफ टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
2022 में कंटेनर पलटने के बाद से था फरार
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फरमूद अहमद मुख्य रूप से कंटेनर चलाने का काम करता था। 26 मार्च 2022 को वह एक कंटेनर में 23 गोवंश को क्रूरतापूर्वक लादकर औरैया की ओर ले जा रहा था। ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान जब उसे रोकने का प्रयास किया गया, तो उसने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। कुछ दूरी पर कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया, जिसके बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। इस मामले में औरैया पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
वाराणसी, भदोही और फतेहपुर में भी दर्ज हैं मुकदमे
एसटीएफ की जांच में यह भी साफ हुआ है कि फरमूद अहमद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है। उसके खिलाफ औरैया के अलावा वाराणसी, भदोही, और फतेहपुर समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गोवंश तस्करी, धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
ट्रांजिट रिमांड पर लाया जा रहा यूपी
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को मध्य प्रदेश की स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसकी ट्रांजिट रिमांड हासिल की गई है। एसटीएफ अब आरोपी को उत्तर प्रदेश लाकर औरैया पुलिस के हवाले करेगी, जिसके बाद कोर्ट में पेश कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसटीएफ की इस बड़ी कार्रवाई को प्रदेश में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default