शिवली कानपुर देहात।
गौशाला के बदहाल इंतजामों का खामियाजा एक बार फिर अन्नदाताओं को भुगतना पड़ा है। नगर पंचायत शिवली में स्थित राघव गोवर्धन गौशाला के मवेशियों द्वारा किसानों की फसल तबाह किए जाने से त्रस्त शिवली के सैकड़ो आक्रोशित अन्नदाता मंगलवार को मैंथा तहसील पहुंचे जहां मौजूद राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला व एसडीएम प्रतिभा मिश्रा का घेराव कर जमकर हंगामा काटते हुए गौशाला को बंद कराए जाने की मांग संबंधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी मैंथा को सौंपा। राज्यमंत्री तथा एसडीएम ने जांच करवा समस्या का निदान कराए जाने का आश्वासन देते हुए उत्तेजित किसानों को शांत किया। अन्नदाताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि किसानों की समस्या के लिए जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे तहसील और कलेक्टरेट कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव करेंगे।
मंगलवार को तहसील मैंथा परिसर में वतन राज अग्निहोत्री व विजय कुमार मिश्रा की अगुवाई में मैंथा तहसील पहुंचे सैकड़ो किसानों ने वहां मौजूद महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला तथा एसडीएम प्रतिभा मिश्रा का घेराव कर जमकर हंगामा काटते हुए गौशाला को बंद कराए जाने की मांग की तथा एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि राघव गोवर्धन गौशाला के संचालक राघव शुक्ला द्वारा रात के समय मनमाने ढंग से मवेशियों को छोड़ दिया जाता है जिससे गोवंश आसपास के सैकड़ो बीघा खेतों में खड़ी फसलों को नष्ट कर देते हैं। कई बार समय-समय पर किसानों द्वारा थाना व तहसील स्तर पर शिकायतें की जा चुकी है परंतु संचालक राघव शुक्ला के प्रभाव के चलते उनकी मनमानी पर आज तक अंकुश नहीं लग पाया है। जब भी हम किसान गौशाला पहुंचकर शिकायत करते हैं तो राघव शुक्ला एवं उनके माता-पिता तथा वहां उपस्थित अन्य लोगों द्वारा धमकाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है क्योंकि मुख्यतः बटाईदार अनुसूचित जाति से हैं। जब भी वे लोग शिकायत करते हैं तो उनसे जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली गलौज किया जाता है और वहां से भगा दिया जाता है। वर्तमान समय में खरीफ की फसल में भी रात्रि समय गोवंशों को अन्ना छोड़ा जा रहा है जिससे सैकड़ो बीघा फसल नष्ट हो गई है जिसे मौके पर जाकर देखा जा सकता है। गौशाला संचालक राघव शुक्ला की दबंगई एवं मनमानी पर अंकुश ना लगाया गया तो हम पीड़ित किसान भुखमरी की कगार पर पहुंचकर पलायन करने के लिए विवश होंगे साथ ही रात्रि समय फसलों की रखवाली करते हुए यदि सर्प दंश से किसी किसान की मृत्यु होती है अथवा किसान आर्थिक तंगी से आत्महत्या करता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन व गौशाला की होगी।
उक्त प्रकरण की गंभीरता के दृष्टिगत जांच करते हुए गौशाला को निलंबित किया जाए अथवा इसे अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए तथा सरकार द्वारा गौशाला को दी जा रही आर्थिक सहायता को तत्काल रोककर उक्त समस्या का समाधान किया जाए जिससे पीड़ित किसानों को न्याय मिल सके। इस मौके पर वतन राज अग्निहोत्री, विजय कुमार मिश्रा, विजय कुमार अग्निहोत्री, शेष नारायण शुक्ला, विनय मिश्रा, रविंद्र कुमार, उमाकांत, सुरेंद्र कुमार ,राजेश अवस्थी, सुरेश चंद, संजय कुमार, विमलेश कुमार, कौशल कुमार, छोटे पंडित, रोहित, सुनील ,शिवनारायण सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

