औरैया: दिबियापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा , उमड़ा जनसैलाब

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

दिबियापुर (औरैया)। स्वाधीनता दिवस के पावन अवसर से पूर्व मंगलवार को दिबियापुर में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा एक भव्य और विशाल 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया गया। इस देशभक्ति यात्रा में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, आम नागरिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों ने भारी संख्या में हिस्सा लिया, जिससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।

नारायणी मंडपम से हुआ यात्रा का शुभारंभ
यात्रा का आधिकारिक शुभारंभ औरैया रोड स्थित नारायणी मंडपम से हुआ। हाथों में तिरंगा थामे देशभक्तों का हुजूम 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के गगनभेदी नारे लगाते हुए और देशभक्ति के गीत गाते हुए आगे बढ़ा। यह यात्रा प्राचीन हनुमान मंदिर और दुर्गा मंदिर तिराहा होते हुए थाने के पास स्थित वीरांगना अवंतीबाई पार्क पहुंची। यात्रा के मार्ग में स्थानीय निवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रियों का भव्य स्वागत किया।
वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं पूर्व मंत्री लाखन सिंह राजपूत ने वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने यात्रा में उमड़े जनसमूह के उत्साह की जमकर सराहना की और मंडल प्रभारी व उनकी टीम का आभार जताया।
'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें : राघव मिश्रा 
दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के बलिदान को याद किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहराएं और प्रधानमंत्री के 'हर घर तिरंगा' अभियान से बढ़-चढ़कर जुड़ें।
काव्यपाठ से दिया देशभक्ति का संदेश
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष व भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राजेश कुमार अग्निहोत्री ने अपनी कविता के माध्यम से उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रभक्ति का जोश भरा। उन्होंने कहा, "झंडे भले ही अनेक हों, लेकिन हर भारतीय के दिल में तिरंगा बसता है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top