औरैया : बेला में रामगंगा नहर में डूबे युवक का शव 12 घंटे बाद बरामद, टहलते समय मिर्गी का दौरा पड़ने से हुआ था हादसा, पीएसी की टीम ने सुबह चलाया सर्च अभियान

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया। बेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम को रामगंगा नहर में डूबे 25 वर्षीय युवक आशुतोष सविता का शव करीब 12 घंटे चले सर्च अभियान के बाद रविवार सुबह बरामद कर लिया गया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए चिचोली (औरैया) भेज दिया है।

टहलते समय आया मिर्गी का दौरा
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, अलीपुर निवासी आशुतोष शनिवार शाम को नहर के किनारे टहल रहा था। इसी दौरान अचानक उसे मिर्गी का दौरा पड़ गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में जा गिरा। शनिवार देर रात तक पुलिस, फायर ब्रिगेड, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों ने आशुतोष की काफी तलाश की। हालांकि, रात में घना अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी परेशानी आ रही थी, जिसके चलते रात को तलाश रोकनी पड़ी थी।
पीएसी की टीम ने सुबह चलाया सर्च अभियान
रविवार सुबह पुलिस ने दोबारा सर्च अभियान शुरू करवाया। सुबह करीब 5 बजे 43वीं वाहिनी पीएसी एटा के हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर के नेतृत्व में 12 सदस्यीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नहर में सघन खोजबीन शुरू की। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 7:30 बजे पीएसी की टीम ने युवक का शव नहर से बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
कटिंग की दुकान चलाता था आशुतोष, परिवार में था सबसे बड़ा
आशुतोष की मौत के बाद से उसकी मां रजनी देवी और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि आशुतोष की कमलपुर नहर के पास कटिंग (सैलून) की दुकान थी और वह अपने परिवार में सबसे बड़ा था, जिससे पूरे घर की उम्मीदें जुड़ी थीं। उसके परिवार में उसकी बहनें ज्योति व राखी और दो छोटे भाई आरनु (18) व आदित्य (15) हैं। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default