औरैया: तालाब में उतराता मिला 26 वर्षीय युवती का शव, शनिवार शाम से थी लापता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। शनिवार शाम घर से लापता हुई 26 वर्षीय युवती का शव रविवार सुबह गांव के तालाब में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। तालाब में शव देखकर बच्चों ने ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार शिवानी पुत्री बदन सिंह शनिवार शाम करीब छह बजे घर से अचानक लापता हो गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने रात में ही पुलिस को युवती के लापता होने की सूचना दी थी।

रविवार सुबह गांव के कुछ बच्चे तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में उतराते शव पर पड़ी। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

परिजनों के अनुसार शिवानी को बचपन से ही मिर्गी की शिकायत थी। परिवार में मां संगीता देवी, बड़ी बहन मोहिनी और भाई कपिल हैं। युवती के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि युवती का शव तालाब में मिला है। युवती के मानसिक रूप से बीमार रहने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default