औरैया: मुरादगंज में मिठाई दुकान के गोदाम में फटा सिलेंडर, जोरदार धमाके में 4 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल, घायलों को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल, पुलिस, फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम ने किया मुआयना

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

मुरादगंज (औरैया)। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के मुरादगंज चौराहे पर स्थित एक मिठाई की दुकान के गोदाम में सिलेंडर फटने से भीषण धमाका हो गया। शनिवार दोपहर करीब एक बजे हुए इस हादसे में दुकान के 4 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाका इतना जोरदार था कि बेसमेंट की छत फट गई और मलबा करीब 50 फीट दूर तक जा गिरा।

सामान निकालते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मुरादगंज चौराहे पर मनोज पोरवाल उर्फ छुन्ना की मिठाई की दुकान है। शनिवार दोपहर को दुकान के पास बने गोदाम के बेसमेंट में चार कर्मचारी सामान निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां रखे सिलेंडरों में से एक सिलेंडर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। धमाके के कारण गोदाम की पहली मंजिल पर लगी टीन शेड भी उड़ गई और धमाके की आवाज करीब 500 मीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया।
घायलों को निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल
हादसे में दुकान के कर्मचारी ईलू (18), विपिन (22), अतुल (19) और गौरव (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। दुकानदार मनोज पोरवाल ने बिना पुलिस और एंबुलेंस का इंतजार किए, तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अपने निजी वाहन से तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस, फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम ने किया मुआयना
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आलोक मिश्रा, सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह और कोतवाल विनोद कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
एडिशनल एसपी आलोक मिश्रा ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। हादसे के सही कारणों और घटनास्थल पर रखे सिलेंडरों से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की गहनता से जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default