औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक डंपर कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटैली पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम नगला धुंधे के सामने किलोमीटर संख्या 277.1 पर रात करीब एक बजे हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े एक अन्य डंपर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें चालक और कंडक्टर दोनों अंदर ही फंस गए। हादसे की चीख-पुकार सुनकर एक्सप्रेस-वे पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल 112, यूपीडा की टीम, अछल्दा और कुदरकोट थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
यूपीडा के सीएसओ विजय सिंह, थाना प्रभारी सुरेशचंद्र सिंह और चौकी प्रभारी विपिन पाल ने क्रेन और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर के मलबे को हटवाया। पुलिस और राहत कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन को काटकर उसमें फंसे चालक और कंडक्टर को बाहर निकाला।
सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा ने बताया कि हादसे में एरवाकटरा थाना क्षेत्र के नगला वाले निवासी कंडक्टर मोनू यादव (पुत्र जयभान) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक अनुज यादव (35, पुत्र रामनिवास) को आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भरथना भेजा गया। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
इस भीषण दुर्घटना के बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर काफी लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाया, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सुचारू हो सका।




