*रूरा में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*
रूरा थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में बीमारी के इलाज के दौरान एक विवाहिता की संदिग्धपरिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने बीमारी का समय से उपचार न कराने के कारण लापरवाही से मौत का आरोप लगाकर हंगामा काटा।अंबरपुर गांव निवासी विवेक कमल का विवाह वर्ष 2021 में डेरापुर थाना क्षेत्र के अयोध्या पुरवा गांव निवासी रामसेवक की पुत्री विनीता के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, विनीता पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार चल रही थी। उसका इलाज कानपुर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा था। इसके बाद बीते दो दिनों से अकबरपुर स्थित एक क्लीनिक में उसका उपचार चल रहा था, जहां सुबह लगभग 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति विवेक और मासूम पुत्री पीहू का रो-रोकर बुरा हाल है। मां के पक्ष के लोगों ने पति पर बीमारी का उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटा। वहीं पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंची और मायके पक्ष की सूचना पर मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानाध्यक्ष सुधीरभारद्वाज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


