औरैया: अजीतमल क्षेत्र के कृपालपुर में बिजली के खंभे में उतरे करंट से युवक की दर्दनाक मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

 योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के कृपालपुर अनंतराम गांव में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर गए एक 29 वर्षीय युवक की बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा था। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृपालपुर अनंतराम निवासी पवन परिहार (29) पुत्र रविंद्र सिंह परिहार शुक्रवार शाम करीब छह बजे किसी काम से घर के बाहर गया था. इसी दौरान गली में लगे एक बिजली के खंभे में अचानक करंट आ गया, जिसकी चपेट में पवन आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
आसपास के लोगों ने आनन-फानन में इसकी सूचना परिजनों को दी। बदहवास परिजन पवन को निजी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अजीतमल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में ही परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
इकलौते सहारे की मौत से टूटा परिवार
परिजनों ने बताया कि पवन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है. पिता रविंद्र सिंह खेती-किसानी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बुढ़ापे के लाडले और एकमात्र कमाऊ सहारे की इस तरह अचानक हुई मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default