औरैया: अजीतमल में साइकिल से मजदूरी करने जा रहे युवक के ऊपर गिरा हाईटेंशन तार, मौके पर मौत, परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल, एसडीएम के आश्वासन के बाद उठा शव

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया)। कस्बे के आजाद नगर मोहल्ले में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरी करने साइकिल से जा रहे एक युवक के ऊपर अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

क्षेत्र के ग्राम सबलपुर निवासी सद्दाम हुसैन (30) पुत्र वसीर खान वर्तमान में अजीतमल कस्बे के राजीव नगर मोहल्ले में अपनी ससुराल में पत्नी शहनाज के साथ रह रहे थे। सद्दाम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार सुबह वह साइकिल से मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह आजाद नगर मोहल्ले की एक गली से होकर गुजर रहे थे, तभी अचानक हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया।

तार की चपेट में आते ही सद्दाम साइकिल समेत जमीन पर गिर पड़े और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली निरीक्षक विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।

बताया गया कि सद्दाम की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व शहनाज से हुई थी। दंपती के अभी कोई संतान नहीं है। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी शहनाज और अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं, स्थानीय लोगों ने बिजली का तार टूटकर गिरने की घटना को लेकर विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों ने मामले की जांच कर लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई किए जाने तथा मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।


एसडीएम के आश्वासन के बाद एक घंटे बाद उठा शव

हाईटेंशन बिजली तार टूटने से युवक की मौके पर ही मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की।

सूचना पर एसडीएम विनोद कुमार मीना, तहसीलदार अविनाश वर्मा और सीओ शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए घटना की जांच कराने, विद्युत विभाग की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई करने और नियमानुसार मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद परिजन शव उठाने के लिए राजी हुए। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default