शिवली कानपुर देहात।
भावपुर चौकी क्षेत्र के अंधियारबर गांव में शनिवार को जाहरा देवी के मंदिर से वापस लौटे मजदूर ने देर रात शराब के नशे में कमरे के अंदर कुंडे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। स्वजनों द्वारा जानकारी होने पर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पंचायतनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना के बाबत कोतवाली क्षेत्र के अंधियारबर गांव निवासी 40 वर्षीय सुरेश राजपूत मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का लालन पालन करता है। वह जाहरा देवी के दर्शन करने के लिए गया था। वहां मेले से अपने भाइयों के बच्चों के लिए खिलौने लेकर आया था जिन्हें बच्चे पाकर काफी खुश हुए थे। सुरेश राजपूत शराब पीने का आदी था। देर शाम को घर से बाहर निकल गया था जहां उसने शराब पीने के बाद रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था जहां उसने कुंडे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। कुछ देर बाद जब उसकी पत्नी सरोज कमरे में पहुंची तो वहां अपने पति का शव लटकता देख चीख उठी। सुरेश की मौत की जानकारी होते ही स्वजनों में चीख पुकार मच गई। इकलौती पुत्री चांदनी का रो रो कर बुरा हाल हो गया। मृतक सुरेश के भाई लालाराम की सूचना पर पहुंचे भाऊपुर चौकी प्रभारी अरुण कुमार ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अंधियारबर गांव में शराब के नशे की हालत में मजदूर ने फांसी लगाकर जान दी है। विधिक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।


